सहारनपुर। मुहर्रम शुक्रवार से शुरू हो चुका है। इसके तहत दस दिन तक शहर में जगह-जगह शोक सभाएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें अलग-अलग मौलाना आकर मजलिस को खिताब फरमाएंगे। साथ ही शहर भर में मातमी जुलूस निकाले जाएंगे। मुहर्रम को लेकर तमाम इंतजाम प्रशासन की ओर से भी किए गए हैं।
मंजर हुसैन काजमी अधिवक्ता ने बताया कि मुहर्रम के कार्यक्रमों के तहत मोहल्ला कायस्थान में प्रतिदिन अपराह्न तीन बजे से शाम पांच बजे तक जौनपुर से आए मौलाना मकातिब अली खान मजलिस को संबोधित करेंगे। 26 सितंबर की शाम चार बजे इमाम बारगाह सामानियान मोहल्ला कायस्थ से जुलूस ए अलम शुरू होगा, जो अनेक रास्तों से होकर गुजरकर छोटी इमाम बारगाह अंसारियान पहुंचकर संपन्न होगा। इसमें जुलजनाह ताजिया काले अलम ताबूत आदि साथ चलेंगे। छोटी इमाम बारगाह अंसारियान में रात दस से 12 बजे तक मजलिस होगी, जिसे लखनऊ से आए मौलाना जहूर मेहंदी संबोधित करेंगे। 27 सितंबर की दोपहर 12 बजे छोटी इमाम बारगाह से जुलूस शहीद हजरत अली अकबर अलैहिस्सलाम शहर के अनेक रास्तों से होकर गुजरेगा और बड़ी इमाम बारगाह पहुंचेगा। यहां आधा घंटा रुकने के बाद वापस अनेक मार्गों से होते हुए इमाम बारगाह अंसारियान पहुंचकर संपन्न होगा। जुलूस में ऊंट, घोड़े, बैल, भैंसा बुग्गी, काले निशान, बड़ा अलम तथा शहर की अंजुमने, जुलजनाह, ताजिये आदि साथ रहेंगे। बड़ी इमाम बारगाह मोहल्ला जफर नवाज में शाम साढ़े सात बजे से रात दस बजे तक प्रत्येक दिन लखनऊ से आए मौलाना शेख इब्राहिम कुम्मी मजालिस को खिताब फरमाएंगे। 28 सितंबर की दोपहर 12 बजे बड़ी इमाम बारगाह से जुलूस शहीद हजरत कासिम अलैहिस्सलाम शहर के अनेक मार्गों से होकर छोटा इमाम बारगाह पहुंचेगा। वहां आधा घंटा रुकने के बाद वापस बड़ी इमाम बारगाह पहुंचकर संपन्न होगा। जुलूस के संयोजक प्रबंधक डॉ. सैयद अथर अब्बास जैदी होंगे। 29 सितंबर को घर-घर हजरत अब्बास अलैहिस्सलाम की याद में सकाई की जाएगी तथा नियाजे कराई जाएंगी। 30 सितंबर को छोटे इमाम बारगाह अंसारियान में रात तीन बजे आग पर चलकर मातम किया जाएगा। अजा खाने सजाए जाएंगे। चौक ख्वाजा जादगान, चौक बड़तला अंसारियान, चौक चौधरियान में ताजिये रखे जाएंगे। रात में शब्बेदारी की जाएगी। सभी इमाम बारगाहों में अजादार आमाले शबे आशूर कर दुआएं मांगते हैं। एक अक्तूबर की दोपहर 12 बजे इमाम बारगाह से जुलूसे शहीदाने करबला शहर के अनेक मार्गों से होकर गुजरेगा। जुलूस के संयोजक सैयद जावेद हैदर जैदी अधिवक्ता होंगे। रात आठ बजे मुहर्रम शाम ए गरीबा की मजलिस छोटी इमाम बारगाह मेें होगी। महिलाओं की शाम ए गरीबा की मजलिस रात आठ बजे जनाना इमाम बारगाह हज्जन तुल्ली में होगी। इसके अलावा महिलाओं के कार्यक्रम जनाना इमाम बारगाह हज्जन तुल्ली मोहल्ला अंसारियान में जनानी मजलिस प्रतिदिन रात आठ से दस बजे तक तथा नौ मोहर्रम की रात में शबीहे गहवाराये हजरत अली असगर बरामद होगा। मकान अजहर काजमी पर रात सात बजे, जनाना इमाम बारगाह लखनऊ वाली में सुबह नौ बजे, जनाना इमाम बारगाह अंसारियान में दोपहर 12 बजे, मकान हसन आबिद पर पूर्वाह्न 11 बजे होगा। साथ ही मोहल्ला मीरकोट, मोहल्ला जाफर नवाज, कमेला कॉलोनी, कलसिया रोड सादात कॉलोनी में भी औरतों की मजालिस का आयोजन होगा।