सहारनपुर। नवरात्र पर मां भगवती को प्रसन्न करने का विशेष संयोग बन रहा है। इस बार नौ दिन तक अलग-अलग तिथि में मां भगवती के नौ स्वरूपों की आराधना होगी। पिछले वर्ष एक दिन में दो तिथियां पड़ गई थी। तब मां भगवती के दो स्वरूपों की एक दिन में पूजा-अर्चना की गई थी। मगर इस बार नौ दिन अलग-अलग तिथियां हैं।
पहले नवरात्र पर मां शैलपुत्री की आराधना होगी। नवरात्र की पूर्व संध्या पर शहर के विभिन्न मंदिरों में एक साथ 108 ज्योत स्थापित करने की तैयारी कर ली गई। मंदिरों को रंग-बिरंगी लाइटों, फूलों और गुब्बारों से सजाया गया। इसके अलावा बाजारों में जौ, कलश और मां भगवती के स्वरूप को स्थापित करने के लिए मूर्तियों की जमकर खरीदारी हुई। शहर के सभी बाजारों में पूरे दिन भीड़ रही। पंडित रोहित वशिष्ठ ने बताया कि इस बार नवरात्र पर विशेष फलदायी है।
ऐसे करें मां भगवती की आराधना
सहारनपुर। श्री बग्लामुखी मंदिर ब्रहमपुरी कॉलोनी के पंडित रोहित वशिष्ठ ने बताया कि बृहस्पतिवार को मां भगवती के नवरात्र पर्व का शुभारंभ हो जाएगा। पूजा के लिए सर्वप्रथम अपने पूजा घर में पूरब और उत्तर के कोने में रेत या मिट्टी में जौ बोएं, उसके ऊपर जल से भरा हुआ कलश रखें । कलश में एक सुपारी, दो लौंग, दो इलायची, दूर्वा, एक जायफल, एक पान का पत्ता, एक आम के पेड़ की टहनी, पिसी हुई थोड़ी हल्दी, रोली एवं गंगाजल डालें। आम के पत्ते कलश के ऊपर रखें । पत्तों की संख्या पांच से 11 होनी चाहिए। एक पात्र में चावल भरकर कलश के ऊपर रखे। नारियल के ऊपर लाल चुनरी लपेटकर उसमें कुछ दक्षिणा रखे। नारियल कलश के ऊपर इस प्रकार रखे कि नुकीला भाग पूरब की ओर हो। एक लाल पुष्प कलश पर चढ़ाकर कलश को प्रणाम करें। चौकी पर लाल वस्त्र बिछाकर उसके ऊपर मां भगवती की मूर्ति या फोटो स्थापित करें। मां को एक चुनरी अर्पण करें। मां के सामने नौ दिन के लिए अखंड जोत रखे। जोत के लिए शुद्ध देसी घी, तिल और सरसों का तेल प्रयोग करना उचित रहता है ।
लाल फूल से प्रसन्न होगी मां
सहारनपुर। मां भगवती के सम्मुख दीपक जलाकर लाल पुष्प हाथ में लेकर मां दुर्गा का ध्यान करें। पुष्प मां के चरणों में अर्पण करें। मां को लाल चुनरी चढ़ाएं। मां भगवती को रोली से सुंदर तिलक करें। मां को अक्षत चढ़ाए और एक लाल फूल चढ़ाएं। मां को धूप और दीप दिखाएं। भगवती को मावे से बना भोग अर्पण करें। इसके साथ ही मां को दो लाल फूल चढ़ाएं । पान, दो लौंग, दो इलायची और एक सुपारी भी चढ़ा सकते हैं।
इन मंत्रों का करें जाप
सहारनपुर। मां भगवती की कृपा पाने के लिए या देवी सर्वभूतेषु मातृरुपेण संस्थिता:। नमस्तस्मै, नमस्तस्मै, नमस्तस्मै नमो नम: का जाप करें। यदि संभव हो तो मां के सम्मुख बैठकर 108 बार मां के प्रिय मन्त्र ऽ ओम ऐम ह्री क्लीं चामुण्डायै विच्चै का जाप करें। इस प्रकार प्रतिदिन मां की आराधना करने से नौ दिन में मां आप पर प्रसन्न होकर आपको धन-धान्य सुख समृद्धि एवं सुख शांति प्रदान करेगी। ।
कलश स्थापना का समय
प्रात: 6:00 से 7:35 बजे तक। उसके पश्चात 7:40 से 9:11 बजे तक। 10:40 से 12:10 बजे तक
12:12 से 1:40 बजे के बीच में राहु काल रहेगा। इस समय में मां के लिए कलश स्थापना ना करें।
वाहनों और इलेक्ट्रोनिक्स सामान की खरीदारी करें
सहारनपुर। नवरात्र को लेकर शहर में दुुकानें सज गई हैं। लोगों ने पहले नवरात्र पर फोर और टू व्हीलर वाहन खरीदने के लिए पहले से ही बुकिंग करा रखी है। इसके लिए कंपनियों द्वारा विभिन्न स्कीमें भी दी गई हैं। इसके अलावा इलेक्ट्रोनिक्स सामान और कपड़ों को भी जमकर खरीदारी के लिए बाजार तैयार हैं। दुकानदारों में भी नवरात्र पर्व को लेकर भारी उत्साह है।