सहारनपुर। रेलवे के खाद्य सुरक्षा निरीक्षक धर्मपाल सिंह ने सहारनपुर स्टेशन पहुंचकर खाद्य पदार्थों के स्टॉल के लाइसेंसों का निरीक्षण किया और नवीनीकरण किया गया। उन्होंने खाद्य पदार्थ विक्रेताओं को स्वच्छता रखने एवं हाथ में दस्ताने तथा, खाद्य पदार्थ बनाते समय सिर पर कैप लगाने के निर्देश दिए।
बुधवार को रेलवे के खाद्य सुरक्षा निरीक्षक धर्मपाल सिंह रेलवे स्टेशन पहुंचे। उन्होंने एक स्टॉल पर खुले में रखी पेटीज को लेकर नाराजगी जाहिर की। पेटीज में उन्होंने रंग मिलाए जाने का भी अंदेशा जताया और पेटीज को फिंकवा दिया गया। इसके बाद उन्होंने रेलवे स्टेशन पर स्थित सभी दुकानदारों के लाइसेंस चेक किए। अधिकांश के लाइसेंसों का नवीनीकरण किया जाना था। जिसे उन्होंने नवीनीकरण की प्रक्रिया शुरू कराए जाने के निर्देश दिए। कुछ लाइसेंसों का नवीनीकरण भी किया गया। उन्होंने खाद्य पदार्थ बनाने एवं बेचने वालों को स्वच्छता पर ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रेलवे के खाद्य पदार्थों पर लोग भरोसा करते हैं। इसलिए गुणवत्ता के साथ समझौता बर्दाश्त नहीं होगा। खाद्य पदार्थ बनाते समय हाथों में दस्ताने और सिर पर कैप पहनें। खाद्य पदार्थ बनाए जाने वाले स्थान, बर्तनों एवं परोसने वाले बर्तनों की सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी स्टॉल पर गंदगी पाई गई तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।