चुनाव ड्यूटी में गया सिपाही रायफल सहित लापता
सहारनपुर। लोकसभा चुनाव के लिए ड्यूटी पर गया सिपाही निर्धारित अवधि समाप्त होने के बावजूद सहारनपुर नहीं लौटा। सिपाही के पास इंसास रायफल भी है। इस मामले में प्रतिसार निरीक्षक (आरआई) की तरफ से सदर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
पुलिस लाइन सहारनपुर में तैनात बागपत के ग्राम रमाला निवासी मदनपाल अप्रैल माह में शाहजहांपुर समेत अन्य जिलों में हुए लोकसभा चुनावों के लिए ड्यूटी में भेजा गया था। प्रतिसार निरीक्षक अजय श्रीवास्तव ने बताया कि मदनपाल इंसास लेकर ड्यूटी के लिए रवाना हुआ था। अब तक के चरणों के चुनाव ड्यूटी पूरी करने के बाद 15 मई तक सहारनपुर पुलिस लाइन में सिपाही को आमद दर्ज करानी थी, लेकिन शनिवार तक भी सिपाही मदनपाल सहारनपुर नहीं पहुंचा। मामले को गंभीर मानते हुए सदर कोतवाली में लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। कोतवाली प्रभारी पंकज पंत का कहना है कि प्रतिसार निरीक्षक अजय श्रीवास्तव की तरफ से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।