रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। रामपुर मनिहारान-नानौता के बीच प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी की पांच अप्रैल को होने वाली रैली को लेकर खस्ताहाल पडे़ दिल्ली रोड हाईवे के गड्ढों को भरने का काम तेजी के साथ शुरू हो गया है।
बता दें कि हाईवे में बने गड्ढों को लेकर अमर उजाला ने तीस मार्च के अंक में समाचार का प्रकाशन किया था। इसके बाद रविवार से ही इस सड़क मार्ग पर मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया। नानौता से लेकर रामपुर मनिहारान और चुनैहटी फाटक तक दिल्ली रोड हाईवे में बडे़-बड़े गड्ढे बने हैं। इससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रधानमंत्री की रैली को लेकर दिल्ली रोड हाईवे पर बने गड्ढों को भरने के लिए लोक निर्माण विभाग ने युद्ध स्तर पर कार्य शुरू कर दिया है। गांव जंधेड़ा, खटकाहेड़ी मोड़ पर बने गड्ढों को भरा जा रहा है। सपन जैन, अनिल जैन, कन्हैया गुप्ता, अनुज कुमार, जहांगीर अहमद, बिरजू पंवार आदि ने कहा कि हाईवे पर बने गड्ढों को भरे जाने संबंधी प्रार्थना पत्र कई बार संबंधित विभाग को दिया गया परंतु कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब प्रधानमंत्री की रैली को लेकर गड्ढों को भरने का काम किया जा रहा है। उनका कहना था कि यदि बडे़ नेता इसी प्रकार से क्षेत्र में आते रहे तो लोगों की समस्या का समाधान सरलता से हो सकता है।