‘अटल बिहारी वाजपेयी यूनिवर्सिटी रखा जाए नाम’
सहारनपुर। यूनिवर्सिटी की स्थापना के लिए कैबिनेट की मंजूरी मिलने और अध्यादेश जारी करके राज्यपाल की अनुमति को भेजे जाने पर सहारनपुर यूनिवर्सिटी टीचर्स एसोसिएशन (सूटा) के पदाधिकारियों ने मंडलायुक्त से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि इसका नाम पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी यूनिवर्सिटी रखा जाना चाहिए।
सूटा के महासचिव डॉ. संदीप गुप्ता ने बताया कि सहारनपुर जिले में यूनिवर्सिटी की स्थापना की मांग लंबे समय से चल रही थी। इसकी स्थापना की मांग पूरी करते हुए प्रदेश सरकार ने कैबिनेट में अध्यादेश लाकर अनुमोदन के लिए राज्यपाल को भेज दिया। इस कार्य में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश के मंत्री, सहारनपुर सांसद, विधायक और पूर्व विधायकों के साथ ही मंडलायुक्त सीपी त्रिपाठी के प्रयासों की भी सराहना की और धन्यवाद प्रस्ताव तथा बुके दिया। उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी का नाम पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर रखा जाए, जो जिले के लिए नया आयाम स्थापित होगा। इस दौरान उपाध्यक्ष हरिकेश यादव, डॉ. लोकेश, डॉ. मुकेश कुमार सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।