शिमलाना में दो बच्चे डेंगू से पीड़ित, हायर सेंटर रेफर
बड़गांव (सहारनपुर)। क्षेत्र में बुखार का प्रकोप बढ़ रहा है। क्षेत्र के कई गांवों तो ऐसे है, जिनमें शायद ही ऐसा कोई परिवार बचा होगा, जिसमें कोई सदस्य बुखार से पीड़ित न हो। शिमलाना गांव में प्रमेंद्र के दो बच्चे बेबी वाणी (6) व आरव (2) डेंगू से पीड़ित है, जिन्हें हायर सेंटर भर्ती कराया गया है। क्षेत्र में मलेरिया, टाइफाइड, वायरल आदि का प्रकोप सर्वाधिक है।
ग्रामीण ऋषिपाल राणा, सुरेंद्र सिंह, देवेंद्र राणा, यशपाल सिंह, दिनेश राणा, बीरपाल सिंह आदि ने बताया कि पूरे क्षेत्र में शायद ही ऐसा कोई घर बचा होगा, जिसमें बुखार पीड़ित न हो। स्थिति से अवगत कराने के बाद भी स्वास्थ्य विभाग मूकदर्शक बना हुआ है।
ग्रामीणों का आरोप है कि बड़गांव पीएचसी पर तैनात चिकित्सक एक सप्ताह में केवल तीन ही दिन ओपीडी कर रहे हैं। इसलिए उन्हें मजबूरन झोलाछाप चिकित्सकों के यहां लूटने के लिए विवश होना पड़ रहा है। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अनुज कुमार का कहना है कि गांव-गांव में टीम भेजकर जांच कराई जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि बुखार से पीड़ित लोगों को समय से अस्पताल लेकर आए।
बुखार से तप रहे हैं ग्रामीण
दल्हेड़ी गांव में शिवम, अभय प्रताप, कुमारी निधि, विजय प्रताप सिंह, प्रहलाद सिंह, अजय कुमार, राजबीर, रामकुमार, रीना, सिसौनी गांव में जसबीर, इसम सिंह, कंवरपाल सिंह, रूबी, चेनपाल, बिमलेश, उदय सिंह, बड़गांव में ग्राम प्रधान उमा देवी, राशन डीलर शिवकुमार शर्मा, प्रीति, बृजेश देवी, चिंटू चौहान, महेशपुर गांव में ग्राम प्रधान पप्पू उर्फ श्याम सिंह, कंवरपाल, सुरेश, नकली सहित करीब दो दर्जन से अधिक ग्रामीण बुखार से पीड़ित है। शिमलाना गांव में सुशील, पूजा, अन्नू, रकम सिंह, छोटी जल सिंह, योगेश, कृष्णपाल, सन्नी, देशराज ,महेंद्र, सचिन, रचना ,रीना बुखार से पीड़ित है। इसी गांव में दो बच्चों को चिकित्सकों ने डेंगू बुखार की पुष्टि की है।