बिना लाइसेंस खुली मीट की कई दुकानों को पुलिस ने बंद कराया
अमर उजाला ब्यूरो
देवबंद। नगर में बिना लाइसेंस खोली गई मीट की कई दुकानों को पुलिस ने बंद करा दिया। इसके साथ ही पुलिस ने दुकानें खोलने वाले लोगों को चेतावनी दी की अगर बिना लाइसेंस दुकान खोली तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
शासन के आदेशानुसार पुलिस ने करीब दो माह पूर्व बिना लाइसेंस चल रहीं मीट की दुकानों को बंद करा दिया था। तभी से सभी दुकानें लगातार बंद चली आ रही थीं। शनिवार को कई लोग दुकान खोलकर बैठे और मीट की बिक्री कर रहे थे। जब पुलिस को इसकी सूचना मिली तो पुलिस ने मौके पर जाकर दुकानों को बंद करा दिया। पुलिस ने दुकानें खोलकर बैठे चार लोगों को कोतवाली बुलाया और चेतावनी देकर छोड़ दिया। गौरतलब है कि योगी सरकार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना लाइसेंस किए जा रहे मीट के कारोबार को बंद करा दिया था। लेकिन मीट कारोबारियों के विरोध के बाद सरकार ने कुछ कायदे कानूनों के तहत कारोबार करने की अनुमति दी थी। मगर मीट कारोबारियों ने कुछ दिन तक नियमों का पालन किया। उसके बाद वह उसका उल्लंघन करने लगे। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने करीब दो माह पूर्व फिर से नगर में मीट की दुकानों को बंद करा दिया था।