सहारनपुर। मोहल्ला न्यू शारदानगर में जर्जर हालत में लगा बिजली का खंभा अचानक टूट कर एक मकान पर जा गिरा। जिससे मोहल्ले में भगदड़ मच गई। लोगों ने तुरंत बिजली की सप्लाई कटवाई और अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर मरम्मत शुरू कर दी।
मोहल्ला न्यू शारदानगर की गली नंबर चार में काफी समय से एक जर्जर खंभा लगा हुआ था। लोगों को इसके किसी भी दिन गिरकर किसी बड़ी दुर्घटना के होने की आशंका थी। इस खंभे को बदलवाने के लिए लोगों ने कई बार विद्युत निगम के अधिकारियों से मांग की। आरोप है कि अधिकारियों ने कोई सुनवाई नहीं की। बृहस्पतिवार को दोपहर लगभग दो बजे अचानक खंभा टूट कर एक मकान पर जा गिरा। जिससे बिजली के तारों में जोरदार चिंगारी उठने लगीं। इससे मोहल्ले में भगदड़ मच गई। लोगों ने इसकी सूचना अधिकारियों को दी और बिजली की सप्लाई बंद कराई। सूचना पर पहुंचे कर्मचारियों ने खंभों की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया। इस मौके पर प्रेम सिंह, शंकर, अनिल, नरेश चंद्र, गजेंद्र, विनीत शामिल रहे। अधीक्षण अभियंता रविंद्र कुमार गुप्ता का कहना है कि खंभा जर्जर हालत में है, उसे बदलवाए जाने के निर्देश दिए गए हैं।