सहारनपुर। मोहल्ला गढ़ी मलूक से रविवार की सुबह लापता हुए तीनों छात्रों को पुलिस ने हरिद्वार रेलवे स्टेशन से बरामद कर लिया। पुलिस ने तीनों छात्रों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला गढ़ी मलूक नंबर एक निवासी 15 वर्षीय मोहित, अभिमन्यु और 11 वर्षीय हिमांशु तीनों छात्र रविवार सुबह घर से लापता हो गए थे। दिनभर परिजनों ने सोचा कि स्कूल की छुट्टी होने पर तीनों कहीं खेलने गए होंगे, लेकिन जब वह देर रात तक घर नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता सताने लगी। अनहोनी की आशंका के चलते परिजनों ने छात्रों की तलाश की, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चल सका। परिजनों ने नगर कोतवाली पुलिस को मामले की जानकारी दी और एसएसपी से बरामदगी की मांग की। एसएसपी ने छात्रों की बरामदगी के लिए पुलिस टीमें लगा दी। सोमवार की सुबह छात्रों के हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर होने की जानकारी मिली। सहारनपुर पुलिस ने हरिद्वार जीआरपी से संपर्क साधकर तीनों छात्रों को सकुशल बरामद कर लिया। एसएसपी उपेंद्र कुमार अग्रवाल ने बताया कि ऑपरेशन मुस्कान के तहत पुलिस ने तीनों छात्रों को चौबीस घंटे में बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। छात्रों ने पूछताछ में बताया कि वह तीनों दोस्त हैं। तीनों हरिद्वार घूमने के लिए गए थे।