निचले वर्ग के लोगाें का जीवन
स्तर ऊंचा उठाएं : सीडीओ
सहारनपुर। मुख्य विकास अधिकारी संजीव रंजन ने कहा कि समूह में ही शक्ति है। कमजोर वर्ग के लोगों का जीवन स्तर उठाने में हमें सहयोगी भूमिका निभानी चाहिए।
विकास भवन सभागार में नाबार्ड के 37 वें स्थापना दिवस स्वयं सहायता समूह और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की जिला स्तरीय समिति की कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य विकास अधिकारी संजीव रंजन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विभागों और बैंकों के अधिकारियों को निचले तबके लोगों का जीवन स्तर ऊपर उठाने के लिए सहयोग करने की अपील की। नाबार्ड प्रबंधक डा. शैलेंद्र चौहान ने नाबार्ड की स्थापना और उद्देश्यों की जानकारी दी। जिला अग्रणी बैंक के प्रबंधक राजेश चौधरी ने स्वयं सहायता समूह को बैंकों की ओर से दिए जाने वाले सहयोग की जानकारी दी। जिला विकास अधिकारी मंशाराम यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मुद्रा ऋण के तहत 193 लाभार्थियों को तीन करोड़ आठ लाख रुपये का ऋण एसबीआई द्वारा दिया गया। इसके पश्चात स्वयं सहायता समूह के सदस्यों को प्रमाण पत्र दिए गए। संजय सैनी, देव भास्कर पांडे और दानिश सिद्दीकी मौजूद रहे।