गन्ना सर्वे 30 जून तक पूरा करने के निर्देश
सहारनपुर। गन्ना विभाग ओर चीनी मिल प्रबंधकों की बैठक में उप गन्ना आयुक्त डॉ. दिनेश्वर मिश्र ने गन्ना सर्वेक्षण का कार्य 30 जून तक पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि जो शुगर मिलें गन्ना सर्वें में सहयोग नहीं करेंगी उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने चीनी मिलों से बकाया गन्ना मूल्य एवं विकास कमीशन का भुगतान करने में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।
बुधवार को गन्ना भवन सभागार में आयोजित बैठक में उप गन्ना आयुक्त ने कहा कि गन्ना सर्वे का कार्य शुरू हो चुका है। इसे 30 जून तक पूरा करना होगा। उन्होंने कहा कि गन्ना सर्वे में गन्ना पर्यवेक्षकों और गन्ना समितियों के कर्मचारियों को लगाया गया है। उन्होंने सभी जिला गन्ना अधिकारियों, ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक और सचिवों को निर्देश दिया कि वह प्रतिदिन फील्ड में जाकर सर्वे का निरीक्षण करें। इस दौरान सभी जिला गन्ना अधिकारी, ज्येष्ठ गन्नवा विकास निरीक्षक, गन्ना विकास समितियों के सचिव और चीनी मिल के अधिकारी रहे।