तालाब में डूबने से बालक की मौत
रेहड़। मानियावाला में तालाब में डूबकर 12 वर्षीय बालक की मौत हो गई। जबकि दूसरे को ग्रामीणों ने तालाब से निकाल कर बचा लिया। बालक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। गांव निवासी इदरीशा पत्नी महबूब ने बताया कि सोमवार शाम उसका बेटा सानिब 10 वर्ष अपने चचेरे भाई सलमान 12 वर्ष पुत्र शकील के साथ घर के पास बने तालाब के पास खेल रहे थे। खेलते खेलते तालाब में नहाने लगे। इसी बीच सानिब गहरे पानी में डूबने लगा। सलमान ने सानिब को बचाने का प्रयास किया तो वो खुद भी पानी में डूबने लगा। दोनों को डूबता देख पास खड़े बच्चों ने शोर मचा दिया। तभी ग्रामीण दोनो को बचाने को पानी में कूद गए। दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला। परिजन तत्काल दोनों को निजी चिकित्सक के पास ले गए। जहां चिकित्सक ने सानिब को मृत घोषित कर दिया। वहीं, सलमान चिकित्सक के यहां उपचाराधीन है।