चलती ट्रेन में चढ़ते समय पैर फिसला, लेखपाल की मौत
सहारनपुर। रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रहे एक लेखपाल की ट्रेन कटकर मौत हो गई। पता लगा तो परिजनों में कोहराम मच गया। जीआरपी ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
कोतवाली जीआरपी इंस्पेक्टर अशोक कुमार सिसौदिया ने बताया कि आईटीसी रोड निवासी 41 वर्षीय विरेंद्र कुमार नकुड़ तहसील में लेखपाल के पद पर तैनात थे। शहर से बाहर जाने के लिए सोमवार को विरेंद्र कुमार रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर नौचंदी एक्सप्रेस ट्रेन में सवार होने आए थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने जीआरपी को बताया कि विरेंद्र ने चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया और उनका पांव फिसल गया। इस दौरान ट्रेन से कटने पर उनकी मौके पर ही मौत हो गई। शव के पास से मिले दस्तावेजों के आधार पर जीआरपी ने शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी।
--
युवक लापता
सहारनपुर। घर जाने के लिए निकला युवक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। परिजनों ने अनहोनी की आशंका जाहिर करते हुए थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई है।
गांव रायपुर निवासी विक्रम सिंह ने बताया कि थाना जनकपुरी क्षेत्र के गांव लखनौती कला निवासी उसका भतीजा रणवीर कुछ समय से उनके घर आया हुआ था। 18 मई को वह अपने घर जाने के लिए उनके यहां से गया था। मगर वह अपने घर नहीं पहुंचा। परिजनों ने रणवीर काफी तलाश की। लेकिन उसका कुछ पता नहीं लग सका। विक्रम सिंह ने अनहोनी की आशंका जताते हुए गुमशुदगी दर्ज कराई है।