सुरक्षा की दृष्टि से दिन भर बंद रहा बड़गांव -मल्हीपुर-सहारनपुर मार्ग
बडग़ांव (सहारनपुर)। भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष के भाई की संदिग्ध हालात में मौत के बाद चौथे दिन शनिवार को भी बड़गांव क्षेत्र पूरी तरह से छावनी में तब्दील रहा। सुरक्षा की दृष्टि से दिनभर कस्बा सहित कई गांव में भारी फोर्स तैनात रही। शनिवार को भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष के मृतक भाई का तीजा होने की वजह से बड़गांव-सहारनपुर सड़क मार्ग प्रभावित रहा।
चार दिन पहले पहले भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष कमल वालिया के भाई सचिन की गोली लगने से मौत होने के बाद पुलिस प्रशासन पूरी सतर्कता बरते हुए उसी दिन से बड़गांव क्षेत्र को छावनी में तब्दील कर दिया गया था। शनिवार को रामनगर निवासी भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष कमल वालिया के भाई सचिन की तीजा होने के कारण प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से विशेष सतर्कता बरतते हुए बड़गांव मल्हीपुर सहारनपुर मार्ग पर चलने वाली प्राइवेट बस एवं अन्य वाहनों को सुबह से ही बंद करा दिया था। क यह मार्ग बड़गांव से मल्हीपुर और रामनगर से होते हुए सहारनपुर जिला मुख्यालय को जोड़ता है। चौथे दिन शनिवार को भी प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से कस्बा सहित क्षेत्र के मुजफ्फनगर एवं शामली जिले की सीमा से सटे गांव जड़ौदापांड़ा, नन्हेडा कला सहित शिमलाना, शब्बीरपुर, महेशपुर, अंबेहटा चांद में एक एक कंपनी पीएसी व आरएएफ तैनात रही। साथ ही मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत जिले से कई थानों से इंस्पेक्टर मय फोर्स के मौजूद रहे। वहीं बड़गांव थाने पर सुबह से ही एसपी देहात विद्या सागर मिश्र तथा मुजफ्फरनगर से एसपी ट्रैफिक बीबी चौरसिया, सीओ देवबंद सिद्धार्थ कैंप किए हैं।