सहारनपुर। रेलवे स्टेशन के नजदीक खलासी लाइन क्षेत्र में एक होटल के सामने रेलवे की भूमि पर नगर निगम ने पार्किंग का ठेका छोड़ दिया। नगर निगम ने भूमि चिह्नित कर उस पर पिलर भी लगवा दिए। रेलवे अधिकारियों को मामले की जानकारी हुई तो आरपीएफ के साथ पहुंचकर पिलर उखड़वा दिए और भूमि को कब्जा मुक्त करा दिया।
नगर निगम ने कुछ दिन पूर्व कोर्ट रोड पुल के नीचे एक होटल के सामने की भूमि पर पार्किंग का ठेका छोड़ दिया। नगर निगम के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ठेकेदार को कब्जा दिला दिया और पिलर लगवा दिए। यहां तक कि ठेकेदार ने पार्किंग शुरू भी करा दी। जैसे ही रेलवे अधिकारियों को इसकी जानकारी मिली। तुरंत आरपीएफ को लेकर मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पार्किंग की भूमि पर रेलवे का दावा बताते हुए ठेकेदार को धमका कर भगा दिया और नगर निगम द्वारा लगवाए गए खंभों को उखड़वाकर भूमि को कब्जा मुक्त करा दिया। इस बीच ठेकेदार और अधिकारियों की नोकझोंक भी हुई। महिला ठेकेदार अनु वर्मा का कहना है कि उसको नगर निगम ने ठेका दिया है। इस मामले को लेकर वह कोर्ट में जाएगी।
भूमि की पैमाइश कराई जाएगी
नगर निगम ने पार्किंग का ठेका छोड़ा था। लेकिन उस भूमि को रेलवे के अधिकारी अपनी बता रहे हैं। इस विवाद को समाप्त करने के लिए भूमि की पैमाइश कराई जाएगी। रेलवे की भूमि हुई तो रेलवे से अनुरोध किया जाएगा कि वह ही पार्किंग का ठेका छोड़ दें।
--। गौरव वर्मा, नगरायुक्त, सहारनपुर
--। रेलवे की भूमि से हटवाया गया कब्जा
रेलवे की भूमि पर नगर निगम ने पार्किंग का ठेका छोड़ा था। जिसे रेलवे के अधिकारियों के साथ उन्होंने हटवा दिया है। यह भूमि रेलवे की है, इसलिए इस पर नगर निगम ठेका नहीं छोड़ सकता।
-। संजीव शर्मा, आरपीएफ प्रभारी, सहारनपुर