जापानी बुखार से बच्चों को बचाने के लिए किया टीकाकरण
सरसावा। नौनिहालों को जापानी बुखार के प्रकोप से बचाने के लिए प्रदेश सरकार के द्वारा चलाए गए वृहद टीकाकरण कार्यक्रम के तहत बच्चों को नि:शुल्क टीके लगाए गए। जिनकी मॉनीटरिंग लखनऊ से आई एक टीम ने की।
प्रदेश सरकार की बच्चों को जापानी बुखार से बचाव के लिए चलाई गई महत्वाकांक्षी योजना की मॉनीटरिंग के लिए लखनऊ से जिला मुख्यालय पहुंचे संयुक्त निदेशक स्वास्थ्य ने सरसावा सीएचसी का भ्रमण किया। संयुक्त निदेशक डा एमपी भारती ने बताया कि 2 से 16 अप्रैल तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण पखवाड़ा मनाया जा रहा है जिसमें जापानी अथवा दिमागी बुखार से बचाव के लिए 1 से 15 साल तक के बच्चों को नि:शुल्क टीके लगाए जाएंगे। संयुक्त निदेशक ने बताया कि जापानी बुखार एक विशेष प्रकार के मच्छर के काटने से पनपता है जो सही समय पर इलाज नहीं मिलने के कारण अक्सर जानलेवा साबित हो जाता है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी सुनील वर्मा ने भी जापानी बुखार से बचाव के लिए टिप्स दिए। दोनों अधिकारियों ने ग्राम स्तर पर लगाए गए टीकाकरण शिविर का भी निरीक्षण किया। सीएचसी के अधीक्षक डा. राजेश ने जानकारी दी की सरसावा क्षेत्र में 1 से 15 साल के 3 हजार 472 बच्चे चिह्नित किए गए हैं। जिनके टीकाकरण के लिए सोमवार को 23 टीमों को भेजा गया।