देवबंद (सहारनपुर)। उत्तर प्रदेश जनकल्याण मंच ने एसडीएम को चार सूत्रीय मांगपत्र सौंपते हुए 18 मार्च से आरंभ होने जा रहे चैत्र नवरात्र में श्रद्धालुओं की सुविधा के मद्देनजर बिजली, पानी, सड़क तथा सफाई आदि पर ध्यान देने की मांग की है।
संगठन के प्रदेशाध्यक्ष चौधरी ओमपाल सिंह के नेतृत्व में सदस्यों ने एसडीएम रामविलास यादव को मांगपत्र सौंपा। जिसमें बताया गया कि इसी महीने के अंतिम सप्ताह में श्री त्रिपुर मां बाला सुंदरी का मेला आरंभ होने वाला है। नगरपालिका परिषद के तत्वावधान में आयोजित होने वाले मेले में पश्चिम उत्तर प्रदेश ही नहीं अन्य राज्यों से भी श्रद्धालु आकर मां भगवती के दर्शन करते हैं। इसी कड़ी में 18 मार्च से नवरात्र आरंभ होने वाले हैं। जिसमें श्रद्धालुओं की पूजा अर्चना करने के लिए मंदिर में भीड़ उमड़ना शुरू हो जाती है। इसलिए मेले से पूर्व क्षतिग्रस्त पड़ी जीटी रोड की रिपेयरिंग, सड़क पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था, मंदिर रोड पर पुलिस की व्यवस्था तथा सफाई आदि करवाने की व्यवस्था कराई जाए। ताकि श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना न करना पड़े। रामकला सैनी न डा. बी.पी. सिंह ने कहा कि नवरात्र में तड़के चार बजे से ही महिला श्रद्धालु मंदिर पहुंचना शुरू कर देते हैं। इसलिए सुबह चार बजे से 8 बजे तक पुलिस की व्यवस्था होनी चाहिए। ज्ञापन देने वालों में चौधरी ईश्वरपाल, विनोद कुमार, खेमकरण कश्यप, ऋषिराज त्यागी, ईशान गौड़, आलोक खटीक, शिवम राणा आदि मौजूद रहे।