सहारनपुर। एसबीडी जिला अस्पताल की कैंटीन में रोगियों और उनके तीमारदारों को चाय और अन्य खाद्य सामग्री बाजार से सस्ते दाम पर मिलेगी। बृहस्पतिवार को कार्यवाहक प्रमुख अधीक्षक की अध्यक्षता में हुई रोगी कल्याण समिति की बैठक में यह प्रस्ताव पास किया गया। मरीजों की अन्य सुविधाओं पर भी चर्चा हुई।
कार्यवाहक प्रमुख अधीक्षक डॉ. अरविंद कुमार चौधरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में आईसीयू वार्ड में फ्री लगवाने, ओपीडी का रैंप ठीक करवाने, ओपीडी के कक्षों पर प्लेट लगवाने का भी निर्णय लिया गया। मौलवी फरीद और पूनम सैनी ने अस्पताल में प्रतिदिन तीन समय सुबह, दोपहर और शाम को सफाई कराने का सुझाव रखा। वार्डों में खुले बिजली के तारों को ठीक कराने, रोगियों की चादरें प्रतिदिन बदलवाने, वार्ड के भीतर रोगियों के पास केवल एक तीमारदार के रहने का भी सुझाव रखा गया। बैठक में देव कुमार, डॉ. रविंद्र राणा, डॉ. केपी सिंह, मौलवी फरीद, डॉ. फुरकान अहमद गौरी, शशि कुमार सैनी, किरण सैनी, प्रदीप सैनी, विक्रांत तिवारी, मोहित कुमार, डॉ. केशव स्वामी, डॉ. आरके टंडन आदि मौजूद रहे।