मनमोहक पिचकारियों और गुलाल से सजने लगी दुकानें
देवबंद (सहारनपुर)। रंगों का पर्व होली निकट आते ही लोग तैयारियों में जुट गए हैं। बाजारों में दुकानें मनमोहक पिचकारियों और रंग-गुलाल से सज उठी हैं। होली की खास मिठाई गुजियां, टैंटी और सबूनी की खरीदारी करने में लोग जुट गए हैं।
नगर और देहात में होली की तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। दुकाने गुलाल और पिचकारियों से सज उठी हैं। होलिका पूजन पर इस्तेमाल होने वाले बेर और रंग-बिरंगे होली हार भी बाजारों को और अधिक आकर्षक बना रहे हैं। होली की खरीददारी को लेकर बाजारों में रौनक एकाएक बढ़ गई है। नगर के अलावा देहात क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग होली के सामान की खरीददारी करने बाजार पहुंच रहे हैं।
नगर के अति व्यस्त एमबीडी चौक पर रंगों और पिचकारी की दुकान लगाने वाले अरविंद बंसल ने बताया कि इस बार बाजार में अलग-अलग मूल्य में पिचकारी उपलब्ध है। डोरेमोन, गन, डक और वाटर टैंक सरीखी पिचकारियां बच्चों को खूब लुभा रही है। इसके अलावा विभिन्न प्रकार के मुखौटे भी बच्चों की खास पसंद बने हुए हैं।
उधर, इस बार बाजार में चाइनीज पिचकारी और गुलाल की बिक्री में कमी आई है। साथ ही सिंथेटिक रंगों से स्वास्थ्य को होने वाले नुकसान को देखते हुए लोग प्राकृतिक रंग खरीद रहे हैं।