गंगोह (सहारनपुर)। असम के शिलांग में तैनात बीएसएफ के एक जवान की पेट्रोलिंग के दौरान खाई में गाड़ी पलटने से मौत हो गई। जवान की मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पूरे गांव में मातम का माहौल है। सोमवार को जवान का शव गांव पहुंचेगा।
गांव रंधेड़ी निवासी जगपाल सिंह के 52 वर्षीय पुत्र सुरेशचंद राणा बीएसएफ में एएसआई के पद पर कार्यरत थे। फिलहाल वह असम के शिलांग में तैनात थे। परिजनों ने बताया कि शनिवार की रात वह और उसके दो अन्य साथी क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रहे थे। इसी दौरान उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में तीनों जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही सुरेश चंद की मौत हो गई। रविवार सुबह पुलिस ने जवान के घर पहुंचकर परिजनों को दुर्घटना की सूचना दी। जवान की मौत की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। उनके भाई राजपाल राणा ने बताया कि मृतक सुरेश चंद चार भाईयों में सबसे बड़े थे। मृतक के दो पुत्र अश्वनी एवं अंकुर अपनी माता नीमो के साथ सहारनपुर रहते हैं। दोनों पुत्रों की की शादी हो चुकी है। रविवार को पूरे दिन जवान के घर सांत्वना देने के लिए ग्रामीणों एवं रिश्तेदारों की भीड़ रही। सुरेश चंद का शव सोमवार को गांव पहुंचेगा।