देवबंद (सहारनपुर)। सरकार द्वारा बिजली बिलों में की गई बढ़ोतरी, कर्जमाफी और नहरी पानी आदि समस्याओं को लेकर मंगलवार को किसानों ने भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले खंड विकास कार्यालय में धरना प्रदर्शन किया।
भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेश टिकैत के आह्वान पर किसानों ने सरकार के खिलाफ धरना दिया। प्रदर्शन उपरांत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित ज्ञापन खंड विकास अधिकारी अंबरीश कुमार को सौंपा गया। इसमें किसानों के निजी नलकूपों व घरेलू बिजली बिल, पंखा व बल्ब आदि पर की गई बढ़ोतरी को तुरंत वापस लेने, फसलों के लागत मूल्य में 50 प्रतिशत लाभांश जोड़कर भाव घोषित करने, सभी किसानों का कर्जा माफ करने, दिवालहेड़ी गांव में काली नदी में डाले जा रही नहरी पानी को बंद करने तथा प्रदूषित पानी से खराब हुई फसलों का पीड़ित किसानों को मुआवजा देने की मांग सरकार से की गई। किसानों ने चेतावनी दी यदि उनकी मांगों पर सरकार ने कोई एक्शन नहीं लिया तो वह उग्र आंदोलन को मजबूर होंगे। धरना प्रदर्शन में तहसील अध्यक्ष ईश्वर चंद आर्य, ब्लाक अध्यक्ष विनय कुमार, नगराध्यक्ष केहर सिंह चौधरी, डा. अरुण कुमार, संजय कुमार, बिजेंद्र कुमार, जसबीर सिंह, नीरज कुमार, नवीन कुमार, रविंद्र कुमार, राज सिंह, ओमवीर, विकसित कुमार आदि किसान मौजूद रहे।