अंबेहटा (सहारनपुर)। वाणिज्य कर विभाग की ओर से विर्क सिरोही सद्भावना महाविद्यालय में कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें वाणिज्य की उपयोगिता के बारे में विस्तार से समझाया गया। कार्यशाला के दौरान वाणिज्य विषय की सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया।
कार्यशाला का शुभारंभ महाविद्यालय के चेयरमैन प्रदीप चौधरी ने किया। कार्यशाला में अजीत सिंह सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के करीब 45 बच्चों ने सहभागिता की। महाविद्यालय के प्राचार्य रोहिताश कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में वाणिज्य विषय में स्नातक करने के उपरांत छात्रों को नौकरी के लिए भटकना नहीं पड़ता है। सरकारी व अर्द्व सरकारी सभी में इन छात्रों की आवश्यकता पड़ती है। कार्यशाला में वाणिज्य विषय के विद्यार्थियों के कैरियर में भूमिका पर भी प्रकाश डाला गया। वाणिज्य विभाग के प्रमुख डॉ. अनिरुद्ध ने विद्यार्थियों की बुद्धि की परख के लिए वाणिज्य विषय की सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता भी कराई। इसमें 80 प्रतिशत अंक लेकर आयुष ने पहला, 72 प्रतिशत अंक लेकर टिंकू ने दूसरा और 67 प्रतिशत अंक हासिल कर साक्षी ने तीसरा स्थान हासिल किया। कार्यशाला का संचालन प्रदीप कुमार ने किया। इस दौरान प्रियंका शर्मा, पंकज राठौर, सुंदरलाल, देववृत, अरुण कुमार, राकेश कुमार के अलावा महाविद्यालय का स्टाफ मौजूद रहा।