सहारनपुर। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. महेंद्रनाथ पांडेय ने कहा कि भाजपा सरकारों में गरीबों, पिछड़ों और हर वर्ग के लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। भाजपा के नेतृत्व में देश और प्रदेश तरक्की की राह पर तेजी से बढ़ रहा है। सहारनपुर में बंद पड़ी शुगर मिलों को किसानों के हित में जल्द दोबारा चालू कराया जाएगा। बृहस्पतिवार को जनमंच सभागार में आयोजित कार्यक्रम में पंडित दीन दयाल उपाध्याय के जनशताब्दी वर्ष को लेकर पिछले दिनों हुई सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर अव्वल रहे छात्रों को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. महेंद्रनाथ पांडेय ने प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। डा. महेंद्र नाथ पांडेय प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार सहारनपुर पहुंचे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। सांसद राघव लखनपाल शर्मा ने प्रदेश अध्यक्ष से कहा कि पिछली सरकारों के दौरान सहारनपुर की तीन शुगर मिलों को बंद करा दिया गया था। इससे किसान आर्थिक और मानसिक रूप से परेशान हैं। प्रदेश अध्यक्ष डा. महेंद्रनाथ पांडेय ने कहा कि जल्द बंद पड़ी सभी शुगर मिलों को चालू करा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि देश और कई प्रदेशों में चल रही भाजपा सरकारों में हर वर्ग का उत्थान हो रहा है। पिछली सपा व बसपा सरकारों ने उत्तर प्रदेश की जनता के साथ धोखा किया। मगर जब से प्रदेश में भाजपा की योगी सरकार बनी है, तब से प्रदेश विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हर वर्ग के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। इसी तरह देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरी दुनिया में भारत का डंका बजाया है। केंद्र की पूर्व कांग्रेस सरकार में कई घोटाले हुए हैं। मगर भाजपा सरकार बनने के बाद आज तक एक रुपये का घोटाला भी नहीं हुआ। भाजपा सरकारों में अधिकारियों को खुलकर काम करने का मौका दिया जा रहा है। इसी वजह से उत्तर प्रदेश और पूरा देश विकास की राह पर तेजी से चल रहा है।
इस दौरान जिलाध्यक्ष बिजेंद्र कश्यप, महानगर अध्यक्ष अमित गगनेजा, विधायक कुंवर ब्रिजेश सिंह, देवेंद्र निम, मनोज चौधरी, पूर्व विधायक राजीव गुंबर, महावीर राणा, मनोज चौधरी, लाज कृष्ण गांधी, प्रदेश उपाध्यक्ष जसवंत सैनी, महानगर प्रभारी महेंद्र धनौरिया, हरीश मलिक, अल्पना तलवार, रमा गुप्ता, राहुल लखनपाल शर्मा, मानवीर सिंह पुंडीर आदि शामिल रहे।
इन बच्चों को दिए प्रमाणपत्र
सहारनपुर। पंडित दीन दयाल उपाध्याय की जनशताब्दी वर्ष के मौके पर पिछले दिनों भाजपा द्वारा जनपद के 200 स्कूलों में आयोजित की गई सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में अव्वल रहे छात्र अभिषेक शर्मा, राघव वर्मा, आर्यन गोयल, श्वेता सिंह, शगुन ठाकुर, दीपक, आफरीन, आशु, फिरोज, जसनीत कौर सहित दर्जनों बच्चों को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. महेंद्र नाथ पांडेय ने प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
मां शाकंभरी देवी के किए दर्शन
सहारनपुर। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. महेंद नाथ पांडेय ने नवरात्र के मौके पर मिर्जापुर क्षेत्र में स्थित सिद्धपीठ मां शाकंभरी देवी मंदिर पहुंचकर माता रानी के दर्शन किए। उन्होंने कहा कि सरकार जल्द ही मां शाकंभरी देवी क्षेत्र को पर्यटन स्थल बनाने के लिए कदम उठाएगी। भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश में परिवर्तन यात्रा की शुरूआत मां शाकंभरी देवी के दरबार से की थी। माता रानी के आशीर्वाद से ही उत्तर प्रदेश में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का किया स्वागत
सहारनपुर। लखनऊ से ट्रेन से सहारनपुर पहुंचने पर जिले के भाजपा पदाधिकारियों ने रेलवे स्टेशन पर प्रदेश अध्यक्ष डा. महेंद्र नाथ पांडेय का जोरदार स्वागत किया। स्वागत को लेकर भाजपाइयों में धक्का-मुक्की भी हुई। वहीं, बेहट रोड स्थित श्री बालाजी धाम के निकट भाजपा बुनकर एवं कामगार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक एम. आजाद अंसारी सहित मुस्लिम समाज के सैकड़ों लोगों ने डा. महेंद्र नाथ पांडेय का स्वागत किया। इस दौरान हकीम अशरफ, इरशाद खान, इसरार, हाफिज अकरम, सफदर, तनवीर, अब्दुल जब्बार, हाजी जहीर, महबूब अंसारी, शहजाद आलम मौजूद रहे।