खेल दिवस पर होगी हॉकी प्रतियोगिता
सहारनपुर।
हॉकी के जादूगर स्वर्गीय मेजर ध्यानचंद के जन्मदिवस 29 अगस्त को खेल दिवस के रूप में मनाया जाएगा। खेल निदेशालय के निर्देश पर क्षेत्रीय खेल कार्यालय अंडर-14 बालकों की जिला स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता कराएगा, जिसका आयोजन डॉ. भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में होगा।
क्षेत्रीय खेल कार्यालय ने प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की इच्छुक स्कूल और कॉलेजों की टीमों को 28 अगस्त तक पंजीकरण कराने को कहा है। पंजीकरण के साथ खिलाड़ियों की सूची भी उपलब्ध करानी होगी, जिनकी आयु 14 वर्ष या उससे कम होनी चाहिए। प्रतिभागी खिलाड़ी का नाम, पिता का नाम, पता, जन्मतिथि और कक्षा अंकित होना चाहिए। साथ ही प्रधानाचार्य के हस्ताक्षर होना भी अनिवार्य है। टीम में 16 खिलाड़ी, एक मैनेजर शामिल होगा। उप क्रीड़ा अधिकारी काशी नरेश यादव ने बताया कि विजेता और उप विजेता टीम को आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे।
बीए और बीकॉम के लिए रजिस्ट्रेशन कराने का मौका
सहारनपुर। इस्लामिया डिग्री कॉलेज में बीए और बीकॉम में दाखिले के लिए रजिस्ट्रेशन न करा पाने वाले अभ्यर्थियों को कॉलेज एक और मौका दे रहा है। इच्छुक अभ्यर्थी 28 और 29 अगस्त को आनलाइन रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। नए और पुराने पंजीकरण वाले अभ्यर्थी 28, 29, 30 और 31 अगस्त को प्रवेश पोर्टल से गोपनीय नंबर के साथ एक परफार्मा डाउनलोड कर सकते हैं। रिक्त सीटों पर नियमानुसार दाखिला दिया जाएगा।