दो सड़क दुर्घटनाओं में एक की मौत, एक गंभीर
सहारनपुर/नानौता। दो अलग-अलग हुईं सड़क दुर्घटनाओं में एक मजदूर की मौत हो गई। जबकि शहर में देहरादून रोड पर रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
नानौता के ग्राम गुडंब निवासी रामकुमार (45 वर्ष) मजदूरी करके साइकिल से नानौता की ओर से अपने गांव जा रहा था। जब वह ग्राम कल्लरपुर के निकट पहुंचा तभी सामने की ओर से आ रही कार ने जोरदार टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार को कब्जे में ले लिया। जबकि घायल रामकुमार को अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इसके अलावा सहारनपुर शहर के देहरादून रोड पर रात लगभग साढ़े 9 बजे रोडवेज की बस की टक्कर लगने से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जनकपुरी थाना प्रभारी शोएब खान का कहना है कि अभी घायल होश में नहीं है। होश में आने पर जानकारी की जाएगी।