वाहन की टक्कर से सांभर की मौत
बिहारीगढ़। दिल्ली-देहरादून हाईवे पर वाहन की चपेट में आकर सांभर की मौत हो गई। सोशल मीडिया पर खबर चलने के बाद वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और सांभर के बच्चे को गेस्ट हाउस पर लाकर उसका पोस्टमार्टम कराया। दिल्ली देहरादून हाईवे पर सोमवार की सुबह देहरादून की ओर से आ रहे अज्ञात वाहन की चपेट में आकर सांभर का एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद जब तक वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे तब तक सांभर की मौत हो चुकी थी। इसके बाद सांभर के शव को मोहंड गेस्ट हाउस पर ले जाकर उसका पोस्टमार्टम किया। चिकित्सक अशोक कुमार गिल ने बताया कि तेज टक्कर लगने के कारण अंदर गंभीर चोट लगने के कारण मौत हुई है। सांभर की उम्र करीब नौ माह थी।