सहारनपुर। ओडीएफ घोषित होने के करीब सप्ताह भर बाद सहारनपुर नगर निगम ओडीएफ प्लस घोषित हुआ है। ओडीएफ प्लस घोषित होने वाला प्रदेश का पहला नगर निगम बना है। महापौर संजीव वालिया और नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने इसके लिए संबंधित अधिकारियों और नगरवासियों को बधाई दी।
नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि नगर के 70 वार्डों में सात लाख पांच हजार 478 की आबादी है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत शहर को ओडीएफ बनाने के लिए नगर निगम ने 30 सामुदायिक, 29 सार्वजनिक और तीन अन्य शौचालय बनवाए। हजारों की संख्या में निजी शौचालयों का निर्माण भी कराया गया है। नगर निगम की टीमों ने सुबह-सुबह शहर के बाहरी वार्डों में जाकर लोगों को खुले में शौच नहीं करने के लिए प्रेरित किया। कई बार हम खुद गांवों में पहुंचे और लोगों को खुले में शौच करने से रोका। नतीजा यह हुआ कि सप्ताह भर पहले सहारनपुर शहर को ओडीएफ घोषित किया गया। अब दो दिन पहले ही सरकार ने सहारनपुर नगर निगम को ओडीएफ प्लस घोषित किया है। ओडीएफ प्लस घोषित होने वाला पहला नगर निगम बना है। शहर को ओडीएफ बनाने में सहयोग करने वाला प्रत्येक नागरिक बधाई का पात्र है।