सहारनपुर। सूर्य के मकर राशि में प्रवेश करने के बावजूद सर्दी का सितम कम नहीं हो रहा है। मंगलवार को तापमान में गिरावट आई और पारा लुढ़क कर मात्र दो डिग्री रह गया। दिन में बादल छा गया और फिर चली सर्द हवा ने हाड़ कंपाने वाली कड़ाके की सर्दी की स्थिति बना दी। लोगों को दिन में ही अलाव जलाने पड़े।
मंगलवार को तड़के रिकार्ड किया गया न्यूनतम तापमान मात्र दो डिग्री रहा। दिन में कुछ देर के लिए सूरज निकला, लेकिन धूप में गर्माहट नहीं थी। इस बीच चली सर्द हवाओं ने लोगों को कंपा दिया। शाम होते ही सड़कों पर सन्नाटे जैैसी स्थिति बन गई। लोग अपने घरों में बंद होने को मजबूर हो गए। रात होते-होते ठिठुरन बढ़ गई। हालांकि गनीमत रही कि कोहरा की स्थिति नहीं बन पाई। लेकिन शाम होते ही पड़ रहे पाले से सर्दी अधिक रही। माना जा रहा है कि अभी दस दिन तक कड़ाके की सर्दी और कोहरा भी हो सकता है।