सहारनपुर। ग्राम सढ़ौली हरिया निवासी साकेश चौधरी ने विद्युत निगम के अधिकारियों पर किसानों का उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि विद्युत निगम द्वारा जारी की गई पासबुक एवं भुगतान की रसीद का रिकार्ड निगम के पास नहीं हैं। उन्होंने मामले की जांच कराने की मांग की।
साकेश चौधरी ने कहा है कि नकुड़ के विद्युत निगम के कार्यालय से किसानों को पासबुक जारी की गई और बिल के भुगतान की रसीद भी काटी गई। लेकिन निगम के लेजर में इसका कोई रिकार्ड ही उपलब्ध नहीं है। इस प्रकार के मामलों की जांच कराई जाएं, जिन्हें रसीदबुक जारी की गईं और रसीदें काटीं, उन लोगों ने किसानों के साथ धोखा किया और बड़ा गोलमाल किया। विद्युत निगम किसानों की पासबुक के बारे में कोई जानकारी नहीं दे रहा है। जबकि इनसे पूर्व वाली पासबुक के खाते दर्ज हैं और बाद वाली पासबुक भी खाते में दर्ज है। बीच की पासबुकों का कोई पता नहीं है। इस मामले में उन्होंने मंडलायुुक्त को ज्ञापन देकर मामले की जांच कराए जाने और किसानों का उत्पीड़न बंद कराए जाने की मांग की है।