सहारनपुर। जिला कारागार में चोरी के आरोप में बंद एक बंदी से मुलाकात करने के लिए एक युवक बुर्का और एक मुहर लेकर पहुंच गया। तलाशी में थैले से बुर्का और मुहर निकलने पर हड़कंप मच गया। लेकिन पकड़ने से पहले ही आरोपी थैला लेकर फरार हो गया।
भगवानपुर निवासी नसीम चोरी के आरोप में पिछले 17 माह से जेल में बंद है। जेल प्रशासन के अनुसार नसीम से मिलने के लिए एक व्यक्ति जेल में पहुंचा। जब वह जेल के गेट पर पहुंचा तो गेट के बाहर उसकी तलाशी ली जाने लगी। जब उसने तलाशी में आनाकानी की तो पहरे पर लगे कर्मचारियों को संदेह हुआ और थैले को खंगाला। थैले में से एक बुर्का और एक मुहर निकली। इस बारे में पूछा गया तो आरोपी ने उसे अपने परिवार के लिए ले जाना बताया। जिस पर उन्होंने आरोपी को बाहर ही बैठा लिया और जेल प्रशासन को सूचना दी। इसी दौरान मौका पाकर आरोपी थैला लेकर फरार हो गया। वरिष्ठ जेल अधीक्षक डाक्टर वीरेश राज शर्मा ने बताया कि एक युवक बुर्का एवं मुहर लेकर जेल में नसीम से मिलाई के लिए आया था। लेकिन वह पकड़े जाने से पहले ही भाग गया।
-----------