देवबंद (सहारनपुर)। नगर के प्राइवेट अस्पतालों में डेंगू का लार्वा पल रहा है, क्योंकि स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को डेंगू सर्वे अभियान दौरान प्राइवेट अस्पतालों में डेंगू का लार्वा हुआ मिला। स्वास्थ्य विभाग भले ही नोटिस जारी कर उन्हें चेतावनी दे रहा है बावजूद इसके प्राइवेट चिकित्सकों पर इसका कोई असर दिखाई नहीं पड़ रहा है।
बुखार का प्रकोप बढ़ते ही स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू सर्वे अभियान चलाकर लोगों को जागरूक करना शुरू कर दिया है। डेंगू का मच्छर रुके हुए साफ पानी में ही पनपता है। इसलिए स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर लोगों से अपील कर रहे हैं कि वह घर के आंगन और छत पर रखे बर्तनों, कूलर, टायरों आदि में बरसात का पानी एकत्र न होने दें, क्योंकि इसी पानी में डेंगू का लार्वा पनप रहा है। अभियान की कड़ी में मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने रणखंडी रोड स्थित फसीहा चाइल्ड केयर अस्पताल, न्यू इंडिया इंश्योरेंस कंपनी कार्यालय आदि में जाकर सर्वे किया तो उन्हें वहां पर रखे कूलर व गमलों में डेंगू का लार्वा पनपता हुआ मिला। जिसके बाद विभाग ने दोनों को नोटिस जारी कर चेतावनी दी यदि दोबारा लार्वा मिला तो जुर्माना वसूला जाएगा। बता दें कि पिछले कई दिन से स्वास्थ्य विभाग की टीम कई अस्पतालों का सर्वे कर चुकी है जहां लार्वा मिलने पर नोटिस जारी किया गया। सीएचसी के चिकित्सा अधीक्षक डा. इंद्राज सिंह ने कहा कि लोग अपने घरों, दफ्तरों, नर्सिंग होम, बैंक्वेट हाल आदि में कहीं भी पानी इकट्ठा न होने दें, क्योंकि साफ व रूके हुए पानी में ही डेंगू का लार्वा पनपता है। जो बाद में मच्छर बन जाता है। इसलिए बुखार से बचाव के लिए पानी को इकट्ठा न होने दिया जाए। स्वास्थ्य टीम में रविंद्र कुमार, मधु रतूड़ी, अरूण कुमार, नित िन शर्मा, भूप सिंह, नीरज कुमार आदि रहे।