सब जूनियर कबड्डी में स्टेट चैंपियन बना वाराणसी
सहारनपुर। डॉ. भीमराव आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित राज्य सब जूनियर बालिका कबड्डी प्रतियोगिता में वाराणसी चैंपियन बना है। रविवार को हुए फाइनल मुकाबले में वाराणसी की टीम ने गोरखपुर को 17-07 के अंतर से पराजित कर यह उपलब्धि हासिल की। मेजबान सहारनपुर की टीम सेमीफाइनल में कांटे की टक्कर के साथ गोरखपुर से हारकर बाहर हो गई।
पहला सेमीफाइनल मुकाबला गोरखपुर और सहारनपुर के बीच हुआ, जिसमें गोरखपुर की टीम ने 39-38 के मामूली अंतर से जीत हासिल कर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में वाराणसी ने चित्रकूटधाम को 31-03 के अंतर से रौंदकर फाइनल में एंट्री की। फाइनल मुकाबला वाराणसी और गोरखपुर के बीच हुआ, जिसमें वाराणसी की टीम ने शानदार जीत के साथ चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया। उत्तर प्रदेश कबड्डी एसोसिएशन के महासचिव राजेश कुमार सिंह के हाथों विजेता टीम को पुरस्कृत किया गया। इस मौके पर हरफूल सिंह, पुष्कर सिंह, ममता सागर, सुनील कुमार, ईश्वरपाल सिंह, प्रवीण कुमार, अब्दुल अहद, लाल धर्मेंद्र प्रताप, अनिल कुमार, मनोज कुमार, संजीव कुमार, रामपाल सिंह, ओम सिंह आदि मौजूद रहे। प्रतियोगिता क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी प्रेम कुमार की देखरेख में संपन्न हुई।
मुकाबले के दौरान खिलाड़ी चोटिल
प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबला वाराणसी और गोरखपुर के बीच हुआ। मुकाबले के दौरान गोरखपुर की खिलाड़ी अंगीरा चोटिल हो गई, जिनके कंधे में चोट आई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अंगीरा काफी देर तक पड़ी तड़पती रही, जिसे ऑफिशियल ने उठाकर अस्पताल ले जाने की जहमत नहीं उठाई। इसके बाद आरएसओ की कार से खिलाड़ी को अस्पताल ले जाया गया।