सहारनपुर। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल द्वारा खनन एवं परिवहन पर सुनवाई करते हुए खनन को हरी झंडी दे दी है। जिससे पट्टा धारक अब जिले में अपने निर्धारित स्थान से खनन शुरू करा सकेंगे।
राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण (एनजीटी) द्वारा सहारनपुर में फरवरी 2016 में खनन पर पूर्ण पाबंदी लगा दी थी। जिसके चलते जिले भर में प्रशासन ने खनन बंद करा दिया था। हालांकि प्रशासन द्वारा खनन बंद कराए जाने के बावजूद कई बार अवैध रूप से खनन किए जाने की शिकायत होती रहीं और पकड़ा भी जाता रहा।
एनजीटी में खनन बंद कराए जाने पर लगातार तारीखें लगती रहीं और अधिकारी अपना पक्ष रखते रहे। इस वर्ष खनन खुलने की आस में खनन के पट्टों के लिए आवेदन लिए गए। खनन के 13 पट्टे आवंटित भी कर दिए गए। लेकिन एनजीटी से राहत नहीं मिल पाने के चलते खनन शुरू नहीं हो गया। बुधवार को एनजीटी में सुनवाई की गई। सुनवाई के बाद एनजीटी ने खनन पर लगी रोक को हटा दिया। हालांकि अभी रोक हटाने संबंधी कोई आदेश प्रशासन को प्राप्त नहीं हो सका है।
जिला खान अधिकारी पीके सिंह ने बताया कि एनजीटी ने बुधवार को लगी तारीख के बाद जिले में खनन एवं परिवहन पर लगी रोक को हटाने का आदेश कर दिया है। बुधवार को ही आदेश हुआ है। एक दो दिन में आदेश की प्रति प्रशासन को मिल जाएगी।