सहारनपुर। जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय ने कहा कि कांवड़ यात्रा में डीजे पर प्रतिबंध रहेगा। पुलिस इस प्रतिबंध को लागू करने में कोताही ना बरते। डीएम ने कांवड़ मेले की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए।
विकास भवन स्थित सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय ने कहा कि कांवड़ यात्रा के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट की बारह-बारह घंटे की ड्यूटी लगाई लगाई है। कांवड़ मार्ग पर नगर निगम, जल निगम, सिंचाई विभाग और विद्युत निगम के दो-दो अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जाए। इसके लिए विभाग अधिकारियों के नाम नामित करे। कांवड़ मार्ग पर 120 शिविर लगाए जाएंगे, जिसके क्षेत्र में जो शिविर पड़ता है, वह वहां की व्यवस्था देख ले। महिला शौचालय और पथ प्रकाश की अच्छी व्यवस्था की जाए। मीट, अड़ों और शराब की दुकानों को बंद कराया जाए। गोताखोरों की व्यवस्था नगर निगम, सिंचाई विभाग और पुलिस महकमा करेगा। स्ट्रीट लाइटें काली नदी से लेकर गागलहेड़ी तक लगाई जाए। रेलवे विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि ट्रेन और इंजन के ऊपर कोई न बैठे। 26 जुलाई को कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया जाए। लापरवाही मिलने पर संबंधित विभाग के अधिकारी और कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई होगी। डीएम ने एसडीएम और तहसीलदार को पीस कमेटी की बैठक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि होटल और ढाबों स्वामियों को निर्देश दिए जाएं कि वह रेट लिस्ट जरूर लगाएं। डीएम ने स्वास्थ्य विभाग को हर शिविर में कर्मचारियों की आठ-आठ घंटे की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। एसएसपी उपेंद्र कुमार अग्रवाल, एडीएम (ई) एसके दुबे, एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह मौजूद सहित तमाम विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।