सहारनपुर। एक व्यक्ति की शवयात्रा के दौरान एक युवक द्वारा फोटो खींचे जाने से नाराज लोगों ने पुलिस चौकी के सामने शव रखकर हंगामा। लोगों ने युवक पर ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाते हुए शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। पुलिस ने लोगों को समझाबुझा कर शव का क्रियाकर्म कराया।
मानकमऊ निवासी सुशील कुमार (42 वर्ष) पुत्र अमृतलाल कुछ दिनों से बीमार चल रहा था। भाई प्रमोद ने बताया कि बुधवार की शाम को अस्पताल में उपचार के दौरान सुशील की मौत हो गई। बृहस्पतिवार को सुबह सुशील के शव को मोहल्ले के लोग एवं रिश्तेदार अंतिम संस्कार के लिए ले जा रहे थे। उसी समय मोहल्ले के ही एक युवक ने मृतक के फोटो खींचने शुरू कर दिए। जिस पर लोग भड़क उठे। आरोप है कि लोगों ने युवक को रोका तो युवक उनसे उलझ पड़ा। जिस पर लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया और शव को शुगर मिल पुलिस चौकी के सामने सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। लोगों ने आरोपी युवक पर ब्लैकमेलिंग का आरोप लगाया। जाम लगते देख पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाबुझा कर शांत किया और शव को हटवाकर अंतिम संस्कार के लिए भिजवाया। प्रमोद ने बताया कि उन्होंने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।