साढ़ौली कदीम (सहारनपुर)। कोतवाली बेहट के गांव शेखपुरा में आग लगने से सात घरों का सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित परिवारों के अनुसार आग से लाखों का नुकसान हो गया।
सोमवार को दोपहर 11.45 बजे कोतवाली बेहट के गांव शेखपुरा में एलटी लाइन के तारों से निकली चिंगारी से सात घरों का सामान जलकर खाक हो गया। पीड़ित परिवारों के अनुसार हाशिम के भूसे के कूप के ऊपर से निकल रही विद्युत की एलटी लाइन के तारों से अचानक चिंगारी निकलने से कूपे में आग लग गयी। आग की लपटें इतनी तेज थी जब तक आग पर काबू पाया गया तब तक आस पास के सात घरों का सामान जलकर राख हो गया। आग में हाशिम का भूसा, गेहूं, चार साइकिल व घरेलू सामान, नाजिम का भूसा, गेहूं, साइकिल, घरेलू सामान, मनफी विधवा अकबर का घरेलू सामान, मरयम के घर अनाज, संदूक, नौशाद का घरेलू सामान, गेहूं, भूसा, असगर का अनाज, सिलाई मशीन, सादिक का घरेलू सामान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों के अनुसार यूपी 100 की गाड़ी तीस मिनट बाद व दमकल की गाड़ी सूचना के दो घंटे बाद मौके पर पहुंची तब तक ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया था। पीड़ित परिवारों ने मुआवजे की मांग करते हुए जर्जर तार बदलवाने की मांग की है।