लखनौती (सहारनपुर)। सरकार द्वारा चलाए जा रहे ग्राम स्वराज अभियान कार्यक्रम के अंतर्गत प्रदेश के कृषि मंत्री और सहारनपुर जिले के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने ग्रामीणों के घर नाश्ता और धर्मशाला में भोजन कर रात्रि प्रवास सिख परिवार के प्रतिष्ठान पर किया। एक प्राइवेट स्कूल में चौपाल लगाकर केंद्र और राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे में ग्रामीणों को बताया और उनकी समस्याएं सुनीं।
बुधवार की रात करीब साढ़े नौ बजे कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही गांव लखनौती के आलमपुर रोड स्थित एक प्राइवेट स्कूल में पहुंचे। वहां चौपाल लगाकर प्रदेश और केंद्र सरकार की योजनाओं के बारे में ग्रामीणों को बताते हुए कहा कि योगी सरकार के आते ही प्रदेश से अपराध खत्म हो गया है। पिछले सरकार में बिजली के फुंके ट्रांसफार्मर 2-3 महीनों तक नहीं बदले जाते थे, लेकिन अब केवल 2-3 दिन में ही बदले जा रहे हैं। देश में बिजली से वंचित 1800 हजार गांवों के तीन करोड़ घरों में भाजपा सरकार ने बिजली पहुंचाने का काम किया गया है। वहीं सौभाग्य योजना के अंतर्गत हर गरीब परिवार को निशुल्क बिजली कनेक्शन दिए गए। 2012 में बसपा सरकार ने भारी संख्या में दलित और गरीब परिवारों को बीपीएल कार्ड से वंचित कर दिया था। योगी सरकार ने आते ही सभी कार्ड धारकों को 2 रुपये किलो गेहूं और 3 रुपये किलो चावल देने का काम किया है। पिछली सपा सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि प्राकृतिक आपदा के तहत केंद्र सरकार ने राज्य को 3200 करोड़ रुपये मुहैया कराए थे। परंतु सपा सरकार ने किसानों को केवल 1200 करोड़ रुपये देकर केंद्र सरकार की योजनाओं को पलीता लगाने का काम किया था। मोदी सरकार ने भ्रष्टाचार पर लगाम लगाई और कैशलेस को बढ़ावा दिया। पूर्व सरकारों द्वारा प्रदेश में चुनिंदा लोगों को ही साठगांठ कर आबकारी विभाग के ठेकों का वितरण होता था, लेकिन योगी सरकार ने लॉटरी द्वारा इन्हीं ठेकों को 12 हजार लोगों में बांट दिया है। विधायक प्रदीप चौधरी ने लोकसभा चुनाव में कैराना प्रत्याशी को भारी बहुमत से जिताने की अपील की। अध्यक्षता अवतार सिंह और संचालन बालेश सैनी ने किया। इस मौके पर जिला प्रभारी देवव्रत त्यागी, जिला अध्यक्ष बिजेंद्र कश्यप, नगर अध्यक्ष मुकेश राणा, संजय कम्हेड़ा, जितेंद्र जागलान, सुशील चौधरी, मुकेश राणा, सुदेश, पूर्व जिलाध्यक्ष मानवीर पुंडीर, जिला मंत्री मांगेराम सैनी, डॉ ओमपाल सैनी, योगेश रोहिला, सुशील कम्हेड़ा, सुशील दैदपुरा, रविंद्र चैहान, ऋषिपाल, सलमान जैदी, शैला जैदी, चंद्रपाल सैनी, दीपक, नवीन पारस, बबलेश प्रधान आदि मौजूद रहे।
--------------------------------
धर्मशाला में खाया खाना और सिख के यहां किया रात्रि प्रवास
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ग्रामीण मांगेराम मोघा और सतीश पंवार के घर पहुंचे और नाश्ता किया। धर्मशाला में भोजन कर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही गांव के ही सरदार बूटा सिंह के प्रतिष्ठान पर पहुंचे। जहां उन्होंने रात्रि प्रवास किया। भाजपा के ग्रामीण स्वराज अभियान कार्यक्रम के तहत नेताओं को गांव में दलित के घर पर ही भोजन कर रात्रि प्रवास करना है। कार्यक्रम आयोजक ने कृषि मंत्री के कार्यक्रम के दौरान ऐसा नहीं किया और उन्हें धर्मशाला में भोजन कराकर सिख परिवार के प्रतिष्ठान पर रात्रि प्रवास करा दिया।
चौपाल में ग्रामीणों ने उठाई समस्याएं
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही के समक्ष अवतार सिंह आदि ग्रामीणों ने शिकायत करते हुए यमुना खादर के दौलतपुर घाट पर अधर में लटकें निर्माणाधीन पुल और 6 वर्ष से गांव डबकोला में बाढ़ के दौरान बूढ़ी यमुना नदी के धराशाई पुल का निर्माण कराने, गांव में हाई-स्कूल की तैयार बिल्डिंग में कक्षाएं शुरू कराने, गांव लखनौती में करीब पांच करोड़ रुपये की लागत से बनी पानी की टंकी के पाइप लाइनों के फटने, गंगोह को तहसील का दर्जा दिलाने की मांग उठाई। एमबीए ट्रस्ट द्वारा कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही को गांव लखनौती में प्रस्तावित पीएचसी का निर्माण कराने की मांग की।