सहारनपुर। मोहल्ला नानकपुरम में शराब का ठेका खोले जाने पर मोहल्ले की महिलाओं ने जमकर हंगामा किया और मोहल्ले से ठेके को हटवाए जाने की मांग की।
शनिवार को मोहल्ला नानकपुरम की महिलाओं ने एकत्रित होकर एक नवनिर्मित भवन के सामने जमकर हंगामा किया। महिलाओं ने आरोप लगाया कि नानकपुरम कालोनी प्राधिकरण से प्रमाणित कालोनी है। यहां पर अभी तक शांति पूर्वक सभी लोग मिलजुलकर रह रहे हैं। मोहल्ले में हकीकतनगर, साकेमत निवासी एक व्यक्ति ने नया मकान बनवाया है। इसमें उसने शराब का गोदाम बनवा दिया और ठेका खुलवा दिया है। जो मंदिर से मात्र 150 मीटर और गुरुद्वारा से 350 मीटर की दूरी पर पूर्णतया रिहायशी इलाके में है। ठेका खोले जाने से मोहल्ले के बच्चों, महिलाओं एवं लोगों पर मानसिक प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कालोनी में शराब का ठेका नहीं खुलने दिया जाएगा। इस मामले में महिलाओं ने डीएम को ज्ञापन देकर ठेका हटवाए जाने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में राम ठकराल, अशोक अनेजा, एमएल सिंह, रमन, सीमा, दीपेश, एसके अरोड़ा समेत अनेक लोग शामिल रहे।