देवबंद (सहारनपुर)। पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भगत सिंह वर्मा ने कहा कि जनपद की चीनी मिलों ने चालू सीजन का भले ही लगभग 500 करोड़ रुपये का भुगतान कर दिया है, बावजूद इसके अभी भी चीनी मिलों पर करोड़ों रुपये का बकाया है।
बुधवार को सहकारी गन्ना समिति में संगठन की बैठक में भगत सिंह वर्मा ने कहा कि गांगनौली चीनी मिल पर 170 करोड़ व देवबंद चीनी मिल पर 80 करोड़ का बकाया है। उन्होंने कहा कि सरकार चीनी मिलों से 14 दिन के भीतर गन्ना मूल्य का भुगतान नहीं करा पा रही है। किसान एक-एक रुपये का मोहताज हो रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही चीनी मिलों ने बकाया गन्ना मूल्य व उन पर चले आ रहे ब्याज का भुगतान नहीं किया तो पश्चिम प्रदेश मुक्ति मोर्चा 2 अप्रैल को कमिश्नरी का घेराव कर प्रदर्शन करेगा। अध्यक्षता राजेंद्र सिंह मान व संचालन आसिम मलिक ने किया। इस मौके पर हाफिज मुर्तजा त्यागी, विनोद सैनी, अजीत सिंह, सरदार गुलविंदर सिंह, विरेंद्र सिंह, नरेश कुमार, असगर अली आदि रहे।