सहारनपुर। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने दूध में मिलावट की शिकायत पर पेपर मिल रोड से शहर में सप्लाई के लिए लाए जा रहे दूध के चार नमूने लेकर जांच के लिए भेजे। टीम द्वारा नमूने लिए जाने की सूचना से दूध विक्रेताओं में हड़कंप मच गया।
सहारनपुर शहर में दूध की सप्लाई की मिल रही शिकायतों को लेकर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अभिहीत अधिकारी सुनील कुमार शर्मा के नेतृत्व में टीम ने पेपर मिल रोड पर बैंक ऑफ बड़ौदा के पास सुबह दूध के नमूने भरने शुरू किए तो हड़कंप मच गया। दूध लेकर आने वालों को सूचना मिली तो अधिकांश दुग्ध विक्रेताओं ने अपना रास्ता ही बदल लिया और शहर में अलग-अलग रास्तों से होकर पहुंचे।
टीम ने इस दौरान अंकित कुमार निवासी ग्राम लाखनौर द्वारा लाए जा रहे मिश्रित दूध का नमूना लिया। वेदपाल निवासी ग्राम संतागढ़ द्वारा लाए जा रहे मिश्रित दूध का नमूना लिया तथा एक मारुति वैन में बड़ी-बड़ी कैन में लगभग तीन क्विंटल दूध लेकर आ रहे दिलशाद निवासी ग्राम खजूरवाला से दूध के दो नमूने लिए। टीम ने कुल चार नमूने लेकर जांच के लिए भेज दिया।
अभिहीत अधिकारी सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि मिलावटी दूध की सप्लाई की शिकायतें लगातार मिल रहीं थीं। डीएम के निर्देश पर शुक्रवार को यह कार्रवाई की गई है।