नकुड़ (सहारनपुर)। प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची में अपात्र लोगों के नाम शामिल किए जाने की शिकायत पर आपत्तियां दर्ज कराने के लिए खंड विकास कार्यालय में शिविर का आयोजन किया गया।
बृहस्पतिवार को खंड विकास कार्यालय पर लगाए गए शिविर में खंड विकास अधिकारी सलीम अंसारी ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत भेजी गई लाभार्थियों की सूची में गड़बड़ी की शिकायत मिल रही थी। योजना में ग्रामीण क्षेत्र के लाभार्थी परिवारों की सूची में छूटे आवासहीन एवं कच्चे आवास वाले पात्रों का चयन खंड विकास अधिकारियों द्वारा ग्राम सभाओं की बैठकें आयोजित करके किया गया है। बैठक में चयनित लोगों के नाम ग्राम पंचायतों के सार्वजनिक स्थलों की दीवारों पर भी लिखवाए गए हैं। इसके बावजूद अपात्रों के चयन व पात्र लोगों को सूची में छोड़ देने की शिकायत जनपद स्तर तक पहुंच रही थी। शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए उनके निस्तारण के लिए खंड विकास कार्यालय पर तीन दिवसीय शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसमें चयन सूची से संबंधित शिकायत की जा सकती है। बीडीओ ने बताया कि शिकायतकर्ता अपने आवास के सामने खड़ा होकर फोटो के साथ प्रार्थना पत्र दे सकता है। उन्होंने कहा कि योजना के पात्रों का चयन पारदर्शिता के साथ किया जाएगा तथा शिकायत आने पर जांच कराकर अपात्रों को हटा दिया जाएगा।