अन्य अधिकारी से कराएं सहकारी समिति में घोटाले की जांच
सहारनपुुर। साधन सहकारी समिति पहांसू में हुई कथित अनियमितताओं की जांच की मांग को लेकर समिति के संचालकों ने जिलाधिकारी पीके पांडे को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि यह जांच सहकारिता विभाग के अलावा किसी अन्य विभाग के अधिकारी से कराई जानी चाहिए।
सोमवार को डीएम को सौंपे ज्ञापन में संचालकों ने आरोप लगाया कि समिति के सचिव ने जालसाजी करके दो लोगों का वेतन बिना किसी प्रस्ताव के निकाल लिया है। जबकि, इन दोनों व्यक्तियों के लिए न तो कोई प्रस्ताव पारित कराया गया और न ही इनसे कोई सेवा ली गई। उन्होंने इस मामले में सचिव और सभापति में मिलीभगत का आरोप लगाया है। आरोप लगाया गया कि समिति ने ग्राम सढौली हरिया में अपने पैसे से एक ऐसी भूमि की चारदीवारी कर दी जिसका आवंटन नहीं हो सकता है। इसके लिए समिति के बोर्ड को भी जानकारी नहीं दी गई। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले को खुलता देख समिति के सचिव ने अपना स्थानांतरण यहां से करा लिया है, जिससे उनके कारनामों की जांच न हो सके। उन्होंने जिलाधिकारी से समिति में आय-व्यय, गेहूं खरीद और अवैध रूप से ग्राम सढौली हरिया में की गई चारदीवारी की जांच सहकारिता विभाग के अलावा किसी अन्य उच्चाधिकारी से कराने की मांग की है। इस दौरान प्रदीप कुमार, विनोद कुमार, धर्मपाल, करेशन आदि रहे।