रामपुर मनिहारान। सीएचसी में चिकित्सकों की लापरवाही के कारण एक नवजात की मौत का आरोप पीड़िता के पति ने लगाया है। प्रसूता के परिजनों ने सीएचसी की स्टाफ नर्स के खिलाफ मुख्यमंत्री के पोर्टल, सीएमओ व एसडीएम को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
रामपुर मनिहारान थाने के गांव घसौती निवासी अंकुर पुत्र मेघराज ने शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि वह अपनी पत्नी अनीता सिंह को प्रसव कराने के लिए 17 फरवरी की रात करीब साढे़ आठ बजे 102 एंबूलेंस से रामपुर मनिहारान सीएचसी लेकर पहुंचा था। वहां ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्स ने उसकी पत्नी की जांच कर बताया कि प्रसव होने में आठ से दस घंटे लगेंगे। जब रात्रि के दो बजे उसकी पत्नी दर्द से तड़प रही थी तो उसने स्टाफ नर्स से बार-बार अपनी पत्नी को देख लेने के लिए कहा तो नर्स ने उनकी एक न सूनी। सुबह छह: बजे जब उनकी हालत और बिगड़ गई तो उस समय केन्द्र पर कोई भी महिला व व अन्य चिकित्सक नहीं मिला। निराश होकर वह अपनी पत्नी को सहारनपुर जा रहा था कि बीच रास्ते में ही अनीता ने एक मृत बच्ची को जन्म दिया।
उन्होंने कहा कि चिकित्सकों की लापरवाही के कारण उनके नवजात बच्चे की मौत हो गई। इस घटना पर केन्द्र के चिकित्सा अधीक्षक डा. सर्वेश कुमार ने बताया कि केन्द्र पर तैनात स्टाफ नर्स ने प्रसूता के परिजनों को जिला मुख्यालय पर रेफर किए जाने को कहा था परन्तु वह नहीं गए और बिना रेफर स्लिप लिए अपनी मरीज को लेकर चले गए।