बेहट (सहारनपुर)। सरकारी नलकूप की एलटी लाइन का तार जोड़ने के लिए खंभे पर चढ़े संविदाकर्मी करंट लगने से झुलस गया। उसे बेहट हायर सेंटर रेफर किया गया है। उसकी हालत गंभीर बनी है। हादसा सुबह करीब आठ बजे हुआ। गांव जसमोर निवासी राकेश सैनी बेहट विद्युत उपकेंद्र पर संविदाकर्मी कार्यरत है। शुक्रवार की सुबह वह किसानों की सूचना पर गांव अलीपुर भागूवाला के पास स्थित सरकारी नलकूप की एचटी लाइन के टूटे पड़े तार को जोड़ने के लिए गया था। जब वह तार को जोड़ने के लिए पोल पर चढ़ा, तो करंट लगने से वह गिर गया। किसानों की सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजन उसे बेहट में एक प्राइवेट चिकित्सक के यहां लेकर आए, जहां से उसे गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। जेई अभय कुमार ने बताया, कि करंट लगने से झुलसे संविदाकर्मी ने विद्युत उपकेंद्र से न तो शटडाऊन लिया और न ही कोई सूचना दी। वह बिना सूचना दिए ही पोल पर चढ़ा, जिससे उसे करंट लगा है।