ठेकेदार पर लगाया तीन माह का वेतन रोकने का आरोप
देवबंद। नगरपालिका के ठेका कर्मचारियों ने एसडीएम को प्रार्थना पत्र देकर ठेकेदार पर तीन माह से रोका गया वेतन दिलवाने की मांग की है।
नगरपालिका के ट्यूबवेलों पर ठेके पर कार्य करने वाले कर्मचारियों ने एसडीएम ऋतु पूनिया को बताया कि नगरपालिका ने उनका तीन माह 12 दिन का वेतन रोक रखा है। तनख्वाह नहीं मिलने के कारण उन्हें अपने परिवार की गुजर बसर करनी मुश्किल हो रही है। बार-बार नगरपालिका अधिकारियों व ठेकेदारों को कहने के बावजूद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। आरोप लगाया कि जब उन्हें तनख्वाह दी जाती है तो कोरे कागज पर रसीदी टिकट लगाकर अंगूठा व हस्ताक्षर कराए जाते हैं। उन्होंने एसडीएम से मांग की कि वह ठेकेदार से उनका वेतन दिलाए ताकि वह अपने परिवार का पालन पोषण कर सकें। एसडीएम ऋतु पूनिया ने ठेका कर्मियों को शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।