अटल की कविताओं को सदियों तक गुनगुनाएगा देश
देवबंद (सहारनपुर)। भारतीय राजनीति के शिखर पुरुष अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर नगर में दूसरे दिन भी विभिन्न संगठनों ने शोक सभाएं आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान लोगों ने उनके कार्यकाल को भी याद किया। वक्ताओं ने कहा कि उनकी कविताओं को पूरा देश सदियों तक गुनगुनाएगा।
रेलवे रोड पर शोकसभा में पूर्व विधायक सुखबीर सिंह पुंडीर ने कहा कि अटल जी 1996 में उनकी चुनावी जनसभा को संबोधित करने देवबंद पहुंचे थे। एचएवी इंटर कॉलेज परिसर में सभा आयोजित की गई। जिसमें करीब 15 हजार लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। उन्हें सुनने के लिए लोग दौड़े चले आए। भीड़ इतनी की पुलिस से कंट्रोल नहीं हो पाई जिसका परिणाम यह हुआ कि स्कूल की दीवार टूट गई। उस चुनाव में मैने 16,216 मतों से बसपा प्रत्याशी राजेंद्र सिंह राणा को पराजित किया था। पूर्व विधायक ने कहा कि उनकी सादगी और कुशल नेतृत्व का हर कोई कायल था। वाजपेयी के निधन से भारतीय राजनीति को आघात पहुंचा है। इस दौरान जनेश्वर सैनी, ओमवीर सिंह, मनोज सिंघल व डा. मुकेश आर्य आदि रहे।
भाजपा कार्यालय पर शोकसभा में नगराध्यक्ष गजराज सिंह राणा ने कहा कि वाजपेयी के निधन से भारत ही नहीं विश्व के लिए अपूर्णीय क्षति है। दीपकराज सिंघल, ओमपाल सिंह, शशि त्यागी, राजकिशोर गुप्ता ने भी अटल जी से जुड़े अनुभवों को साझा किया। इस दौरान दीपक त्यागी, मौ. अनवर, अरुण सिंघल, बिट्टू चौधरी, राहुल त्यागी, बिजेंद्र गुप्ता, प्रेमचंद कश्यप आदि रहे। मोहल्ला लहसवाड़ा में हिंदु मुस्लिम भाईचारा समिति की बैठक में अध्यक्ष सलीम कुरैशी ने कहा कि अटल जी देश के महान नेता थे। जिनको राष्ट्र एवं जनता से बेहद प्रेम था। हिंदू-मुस्लिम उन्हें सच्चा मसीहा एवं सच्चा रहबर मानता है। नसीम अंसारी, राजेश सिंघल, मौलवी सिकंदर खान, परविंदर सिंह, रिजवानुलहक सिद्दीकी, हमजा अंसारी आदि ने भी विचार रखे।
केएल जनता इंटर कॉलेज में श्रद्धांजलि सभा में प्रबंधक दीपकराज सिंघल ने कहा कि वाजपेयी ने परमाणु विस्फोट कराकर विश्व को अपनी शक्ति का अहसास कराया था। संयुक्त राष्ट्र संघ में हिंदी में पहला भाषण भी उन्होंने दिया। सभा में राजेंद्र शर्मा, नीरज गोयल, रमेश शर्मा, राजकुमार प्रजापति, संजय धीमान आदि रहे।
बीआर कॉलेज में शोकसभा में सचिव जर्नादन त्यागी व प्राचार्य डा. संदीप अरोड़ा ने विचार रखे। इस दौरान योगेंद्र त्यागी, अंजर उस्मानी, निधि त्यागी, अरूण कुमार, प्रवीन, गौरव, अवंतिका चौधरी आदि रहे। रेडफोर्ट इंटरनेशनल एकेडमी में शोकसभा में भाजपा नेता चौ. विरेंद्र गुर्जर ने कहा कि देश ने ऐसा नेता खो दिया है जिसकी भरपाई कभी नहीं हो पाएगी। सभा में प्रिंसिपल रश्मि सिंह, चेयरमैन गुलाब सिंह, यशदेव नेता, राजीव शर्मा, सारिका धीमान, मनीष, रविंद्र, महेंद्र सिंह, मांगेराम, सुरेश, राजपाल सिंह, कुलबीर सिंह आदि मौजूद रहे।