देवबंद (सहारनपुर)। ईदगाह वक्फ कमेटी की बैठक में ईद-उल-जुहा (बकरीद) की नमाज ईदगाह में 8 बजे अदा कराए जाने का निर्णय लिया गया। साथ ही कहा गया कि यदि मौसम खराब होता है तो उस स्थिति में बकरीद की नमाज रशीदिया मस्जिद में अदा कराई जाएगी।
शुक्रवार को हुई बैठक में ईदगाह वक्फ कमेटी के अध्यक्ष कारी सैय्यद मोहम्मद उस्मान ने कहा कि 22 अगस्त को ईदगाह में बकरीद की नमाज सुबह आठ बजे अदा की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने सभी से अपील करते हुए कहा कि कुरबानी करने वाले हर व्यक्ति को यह ध्यान रखना चाहिए कि वह कुरबानी इस तरह करे जिससे किसी की भावनाओं को ठेस न पहुंचे। कारी उस्मान ने यह भी कहा कि जिन जानवरों की कुरबानी पर प्रतिबंध हैं उनकी कुरबानी हरगिज न की जाए और मोहल्लों गलियों में साफ सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए। क्योंकि सदियों से इस देश के लोग एक दूसरे की भावनाओं की इज्जत करते आए हैं और यह जज्बा हमेशा बरकरार रहना चाहिए। बैठक में ईदगाह की चारदीवारी कराए जाने पर भी चर्चा हुई। निर्णय लिया गया कि इस संबंध में 19 अगस्त को बैठक का आयोजन किया जाएगा। जिसमें नगर के जिम्मेदार लोगों को बुलाकर ईदगाह में होने वाले कार्यों के संबंध में विचार विमर्श किया जाएगा।