पात्रों तक पहुंचाएं सरकारी योजनाओं का लाभ: डीडीओ
सहारनपुर। जिला विकास अधिकारी मंशाराम यादव ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाएं। लापरवाही बरतने पर संबंधित सहायक विकास अधिकारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
विकास भवन में आयोजित बैठक में डीडीओ मंशाराम यादव ने मिशन अंत्योदय योजना की समीक्षा की और सहायक विकास अधिकारियों को प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मिशन अंत्योदय की 40 बिंदुओं की मासिक प्रगति रिपोर्ट सोमवार तक उपलब्ध कराएं। ग्रामों में जिनके जॉब कार्ड बने हैं, उनकी डिमांड नोट की जाएगी। यदि जॉब कार्ड नहीं है तो जॉब कार्ड बनवाए जाएं। लोगों की पेंशन से संबंधित समस्याएं दूर की जाएं। फार्म भरवाकर उन्हें आनलाइन कराएं। प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए पात्रों का चयन किया जाएं। उज्जवल योजना, दुर्घटना बीमा योजना, जनधन खाता योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाएं। किसी सहायक विकास अधिकारी ने कार्य में लापरवाही बरती तो उसके विरुद्ध प्रतिकूल प्रविष्टि दी जाएगी। सहायक विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार त्रिलोकचंद, मनीष दत्ता, राजवीर सिंह, रणबीर सिंह, इसम सिंह, अजय कुमार, महेंद्र कुमार, सतीश कुमार, रणवीर सिंह, प्रधान सहायक विनोद कुमार शर्मा, सहायक सांख्यिकी अधिकारी सुरेंद्र प्रसाद गुप्ता, दानिश सिद्दीकी मौजूद रहे।