सहारनपुर। पकड़े गए साल्वर गैंग द्वारा 30 से लेकर 40 परीक्षार्थियों के पेपर साल्व किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस को उनके पास से कई रजिस्टर बरामद हुए हैं, जिनमें अभ्यर्थियों के नाम के साथ पूरे खर्च का लेखा-जोखा दर्ज किया गया है। इसी आधार पर एक-एक छात्र की जांच कराकर उनके पेपर निरस्त कराने की कार्रवाई की जाएगी। साल्वर के साथ ठेका देने वाले छात्र और उनके परिजन में कार्रवाई के दायरे में आएंगे।
साल्वर गैंग के पकड़े जाने के बाद पुलिस के सामने अब उन अभ्यर्थियों को चिह्नित करने की चुनौती रहेगी, जिनके स्थान पर दूसरे द्वारा परीक्षा दी गई है। पूछताछ में तो आरोपी ठेका देने वालों के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दे पा रही है। पुलिस काल डिटेल के अलावा बरामद आधार कार्ड और पहचान पत्र के आधार पर परीक्षार्थियों को चिहिंत करने का काम करेगी। बाकायदा उनका डाटा बेस प्राप्त कर मिलान कराया जाएगा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बबलू कुमार ने बताया कि आरोपियों के पास से आधार कार्ड और परिचय पत्र के अलावा रजिस्टर और एक सूची भी बरामद हुई है, जिनमें कुछ अभ्यर्थियों के नाम लिखे गए है। सत्यापन के लिए अलग से टीम बनाई गई है। यह भी हो सकता है कि कुछ अभ्यर्थियों ने साल्वर गैंग से संपर्क कर अपनी आईडी अथवा आधार कार्ड दिया हो, मगर आगे बात न बढ़ पाई हो। ऐसे में पारदर्शी तरीके से जांच कराकर दोष निर्धारित किया जाएगा। पूरी जांच पड़ताल के बाद ऐसे परीक्षार्थियों का पेपर निरस्त कराने के साथ उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पूछताछ में आरोपियों से अभी बहुत कुछ मिलने की उम्मीद है। प्राथमिक जांच पड़ताल में 30 के आसपास पेपर साल्व किए जाने की आशंका है। पूरी बात तो विवेचना में ही सामने आ पाएगी।